विधानसभा संभाला नहीं जा रहा तो पद से केदार कश्यप दे दें इस्तीफा: हरीश कवासी

जगदलपुर :- सुकमा के जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने एक तस्वीर शेयर करते हुए नारायणपुर के विधायक और प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप पर तीखा हमला बोला है। कवासी ने कहा है कि केदार कश्यप को मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

हरीश कवासी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र बस्तर के नारायणपुर जिले की एक तस्वीर सामने आई है, जो कि बेहद विचलित करने वाली है। मंत्री केदार कश्यप के विधानसभा क्षेत्र में विकास की दयनीय स्थिति को देखकर मेरा मन बेहद दुखी है। क्योंकि मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में बच्चे टॉयलेट में रहकर पढ़ने को मजबूर हैं। यह साय के शासन के सुशासन पर बड़ा प्रश्न चिन्ह लगाता है। विष्णु के सुशासन में टॉयलेट में रहकर बच्चे अपना भविष्य गढ़ रहे हैं। क्या ऐसे ही नवा छत्तीसगढ़ की कल्पना आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णु साय ने की है? हरीश कवासी ने कहा है कि इस घटना को उजागर हुए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को सजा देने के बजाय केदार कश्यप यह बयान दे रहे हैं कि जिन पत्रकारों ने आश्रम में वीडियोग्राफी करके इस मामला को उजागर किया उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री केदार कश्यप के बयान से यह साफ समझ में आता है कि वे इस गंभीर मामले को दबाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। श्री कवासी ने कहा है कि मामला उजागर करने वाले पत्रकारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की बात के लिए केदार कश्यप को पत्रकारों से माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि मीडिया हमारे देश के लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। अगर ये वीडियोग्राफी नहीं करते तो मामला जनता के बीच नहीं आता और बच्चे जो आने वाले कल का भविष्य हैं, उन्हें इसी तरह टॉयलेट में रहकर न जाने कब तक शिक्षा पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता। जो उनका मूलभूत अधिकार है। श्री कवासी ने आगे कहा कि उल्टी सीधी बयानबाजी से नवा छत्तीसगढ़ नहीं बनेगा। अगर उनसे अपना विधानसभा क्षेत्र संभाला नहीं जा रहा है, तो अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *