अवैध शराब के साथ कार जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। कोड़ेनार थाने की टीम ने एक इको वैन से अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब और कार को जप्त तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में बस्तर पुलिस द्वारा आपराधी तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में अवैध शराब तस्करी पर कोड़ेनार पुलिस को कार्रवाई करने में सफलता मिली है। कोड़ेनार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति इको वैन सीजी 17 एलए 4161 में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बिकी करने हेतु परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में केशलूर एसडीओपी लक्ष्मण सिंह पोटाई के पर्यवेक्षण में थाना कोड़ेनार से टीम गठित कर रवाना की गई। इस टीम ने ग्राम अलवा डोंगरी पारा तिराहा के पास सोमडू मंडावी के घर सामने सीसी रोड के पास पहुंचकर नाकेबंदी की। इस दौरान ईको वेन सीजी 17 एलए 4161 को रोककर चेक किया गया। वाहन चलाते मिले बुदरू राम कश्यप पिता स्व. मंगलू कश्यप उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम मंगनार हिरलाभाटा पारा थाना दरभा को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में 3 कार्टून में रखी अवैध अग्रेजी शराब गोवा कुल 150 नग मिली। शराब रखने व उसका परिवहन करने के संबंध में बुदरू राम कश्यप द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज नही दिये जाने पर ईको वैन तथा अवैध अंग्रेजी शराब को जप्त कर लिया गया। बुदरू राम कश्यप के विरूद्ध थाना कोड़ेनार में धारा 34 (2), 36.59 (क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।
