कांग्रेस ने हमेशा संविधान का दुरूपयोग और बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का अपमान किया: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव

जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मनाए जा रहे डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के तहत आज मंगलवार को स्थानीय पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाउन हॉल में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर सम्मान सभा संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भारतरत्न, संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम भाजपा कर रही है। बाबा साहेब ने देश को नई दिशा देने का काम किया है। वहीं कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिये लगातार डॉ. अंबेडकर के बनाए संविधान का बार-बार दुरूपयोग करती रही है, जो बाबा साहेब के सिद्धांतों के विपरीत कार्य है। किरण सिंह देव ने कहा कि भारत में संविधान सर्वोपरि है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में संविधान का सदैव नमन कर सम्मान किया है। भाजपा द्वारा डा. भीमराव अंबेडकर का सम्मान अभियान सतत मनाया जा रहा है, इसके उलट देश में 57 साल शासन करने वाली कांग्रेस ने अपना राजनीतिक हित साधने के लिये लगातार संविधान में संशोधन किया। यहां तक कि आरक्षण को समाप्त करने की साजिश की। सन् 1952 व 1954 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर को खुले रूप में हरा कर उनका अपमान किया और वहीं कांग्रेस संविधान की झूठी हितैषी बनकर भ्रमजाल फैलाने की कोशिश कर रही है। इन सब बातों को हम सभी को समझना होगा। श्री देव ने कहा कि बाबा साहेब के बनाए संविधान ने देश की जनता को अधिकार प्रदान किये हैं और कांग्रेस की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल थोपने का पाप किया, संविधान की हत्या की, बाबा साहेब के विचारों का खून किया। देश के संपूर्ण नागरिकों के अधिकार आपातकाल में छीन लिये गये थे। भाजपा संविधान पर चलते हुए भारत का गौरव बढ़ाने, देशवासियों की सुरक्षा, उनके विकास के लिये काम कर रही है।


अंबेडकर विरोधी है कांग्रेस: महेश कश्यप
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का संपूर्ण जीवन देश व समाज के उत्थान के लिए समर्पित था। जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए संविधान का पालन कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस ने बाबा साहेब के बनाए संविधान में महज अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कई बार संशोधन करने का दुस्साहस किया है। कांग्रेस ने सदा बाबा साहेब का विरोध किया, उनके बनाए संविधान में हस्तक्षेप करने में भी बाज नही आई और आज भी संविधान की प्रति को जेब में डालकर झूठा राजनीतिक प्रोपेगेंडा खड़ा करने पर आमदा है। संविधान को लेकर भ्रामक दुष्प्रचार करके कांग्रेस बाबा साहेब द्वारा देश के लिए रचित संविधान को अपमानित कर रही है। डा. अंबेडकर के उन्नत राष्ट्र के सपने को साकार करना है और भाजपा संविधान स्वरूप चलते हुए इस दिशा में ही सतत कार्य कर रही है।
संगोष्ठी को भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, सतनामी समाज जिला अध्यक्ष देवराज खूंटे व महारा समाज जिला संयोजक विनय सोना ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री नरसिंह राव ने व आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से छग वित्त आयोग अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, श्रीधर ओझा, अश्विन सरडे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, पूर्व महापौर सफीरा साहू, राजपाल कसेर इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *