इंद्रावती बचाओ अभियान जगदलपुर के सदस्य मिले महापौर से
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के मेयर चेंबर में लोगों की जागरूकता की अच्छी मिसाल देखने को मिली। मेयर संजय पाण्डेय की पार्टी भाजपा की सरकार के खिलाफ आंदोलनरत इंद्रावती बचाओ अभियान के सदस्य महापौर से मिलने पहुंच गए। इन सदस्यों जागरूकता का परिचय देते हुए शहर के हित में महापौर को कई अहम सुझाव दिए।
दरअसल बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी जल विहीन हो गई है। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट वाटरफॉल का कोलाहल थम गया है, सिंचाई के बिना किसानों की फसलें मुरझा गई हैं। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चित्रकोट से जगदलपुर तक कल 28 अप्रैल से विशाल पदयात्रा भी शुरू हुई है। इस बीच आज इंद्रावती बचाओ अभियान के दर्जनों सदस्य महापौर संजय पाण्डेय से मिलने नगर निगम कार्यालय जा पहुंचे। इन लोगों ने जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और जन स्वास्थ्य के अनुकूल बनाने के संदर्भमें महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए इन कार्यों में अपनी ओर से पूरा सहयोग करनेका भरोसा महापौर संजय पाण्डेय को दिया। मेयर पाण्डेय ने उनके सुझावों को जनहित में अहम बताते हुए उन पर अमल करने की बात कही। इस दौरान नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, उर्मिला आचार्य, शिव चांडक, नोयल चंद्र पुरुषोत्तम, ज्योति गर्ग, किशोर पारख, हेमंत कश्यप, अनिल सामंत, लक्ष्मी कश्यप आदि भी उपस्थित थे।
