बस्तर के आयुष लहरे का राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट में चयन, मोंगरापाल में हर्ष

बकावंड – बस्तर जिले के बकावंड ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत मोंगरापाल निवासी अजय लहरे एवं गोदावरी लहरे के सुपुत्र आयुष लहरे (13) का चयन छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

आयुष की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मोंगरापाल गांव और बस्तर जिले में हर्ष का माहौल है।

पिता अजय लहरे ने बताया कि आयुष को बचपन से ही क्रिकेट में विशेष रुचि रही है। स्कूल स्तर से क्रिकेट शुरू करने के बाद उसने पेंड्रा, कवर्धा सहित विभिन्न जिला स्तरीय चयन स्पर्धाओं में अपनी बल्लेबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वर्तमान में आयुष नारायणपुर जिले में कोच करणदीप सग्गू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। कोच ने आयुष के अनुशासन और बल्लेबाजी कौशल की सराहना की है।

आयुष का चयन बस्तर के ग्रामीण अंचल के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर बस्तर की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

रिश्तेदारों एवं ग्रामवासियों ने आयुष को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *