छत्तीसगढ़ में यात्री बस किराया में 40% तक बढ़ोतरी की मंजूरी देकर साय सरकार ने अमानवीय चेहरा किया उजागर-जावेद खान
जगदलपुर -14/10/26
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान ने छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा यात्री किराया में 40% वृद्धि को मंजूरी देने के निर्णय को छत्तीसगढ़ की जनता के लिए अमानवीय और आफत बताया है, जावेद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग जहां आम आदमी के लिए यात्रा का एक मात्र साधन यात्री बसें हैं,ना तो ट्रेनों की सुविधा है और ना ही हवाई यात्रा का प्रबंध,सर पर दीपावली का त्यौहार जिसमें हर कोई अपने घर त्यौहार मनाने जाता है और माध्यम यात्री बस ही बनती है जिसका किराया अब बढ़ा दिया गया है ऐसे में छत्तीसगढ़ और बस्तर की जनता के लिए यात्री बस किराये में 40% वृद्धि का फैसला राहत नहीं आफत है।
जावेद ने कहा है कि एक ओर हर वस्तु का मूल्य आज आसमान छू रहा है,जनता महंगाई से पहले ही त्रस्त हो चुकी है,बस्तर से राजधानी रायपुर जाने-आने के लिए यात्री बस के सिवाय कोई सस्ता और सुलभ माध्यम नहीं है,ऐसे में साधारण बस में पहले 5 किमी के लिए 10 रुपए इसके बाद हर किलोमीटर पर 1.75 रुपए वहीं डीलक्स और एसी बसों में पहले 5 किमी के बाद प्रत्येक किमी के लिए 2.20 पैसे यात्री बस के किराए में वृद्धि को मंजूरी देकर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने अपना अमानवीय चेहरा उजागर किया ही है साथ ही साथ यह भी बताया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार धन्ना सेठों के हाथों की कठपुतली वाली सरकार है ना कि आम छत्तीसगढ़ियों की सरकार है।
जावेद ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से यात्री बस किराया में की गई बढ़ोत्तरी पर पुनः विचार करने एवं छत्तीसगढ़ की जनता को राहत देते हुए बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की है।
