मुख्यमंत्री साय ने आत्म समर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा प्रभावित परिवारों को जारी की प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित 2500 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त जारी की। छत्तीसगढ़ के विशेष आग्रह पर केंद्र सरकार ने ऐसे परिवारों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए हैं। कुल 10 करोड़ रुपए आज हितग्राहियों के खातों में अंतरित किए गए। प्रथम किस्त के रूप में 2500 परिवारों को 40-40 हजार रुपए जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने राशि अंतरण कार्यक्रम में मंत्रालय से वर्चुअली जुड़े 17 जिलों के हितग्राहियों से बात की और आवास निर्माण के लिए पहली किस्त मिलने पर बधाई दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण विशेष परियोजना अंतर्गत आत्मसमर्पित नक्सलियों व नक्सल हिंसा से प्रभावित 2500 हितग्राहियों को आवास निर्माण की राशि अन्तरण हेतु कार्यक्रम में बस्तर जिले के दो हितग्राहियों से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संवाद कर आवास योजना के लिए बधाई दी। जिला कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर जिले के लोहांडीगुड़ा विकासखंड के नक्सल पीड़ित मिनकेतन ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि अलनार बाजार में नक्सलियों द्वारा उनके बेटे की हत्या की गई थी। अभी परिवार में चार सदस्य हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की विशेष परियोजना के तहत आवास की पहली किश्त की राशि चालीस हजार मिलने की जानकारी देते हुए मिनकेतन को बधाई दी। साथ ही 2014 में आत्मसमर्पित नक्सली परदेशी को भी मुख्यमंत्री साय ने बधाई दी। मुख्यमंत्री ने परदेशी से जीवनयापन के लिए क्या करते हैं का सवाल किया तो उसने बताया कि खेती किसानी करते हैं। कार्यक्रम उपरांत कलेक्टर हरिस एस ने योजना के लाभार्थियों को आवास बनाने के लिए खातों में अंतरित राशि का जल्द उपयोग कर बरसात से पहले निर्माण कार्य को पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया । इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित हितग्राही भी मौजूद थे।
