जनप्रतिनिधियों के प्रबोधन कार्यक्रम सह कार्यशाला मे शामिल हुए जगदलपुर के महापौर, सभापति और एमआईसी सदस्य

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों महापौर, सभापति एवं एमआईसी सदस्यों का प्रबोधन कार्यक्रम सह कार्यशाला का आयोजन रायपुर के होटल बेबीलान इंटरनेशनल मे सोमवार को किया गया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के शहरों का रूपांतरण स्वच्छ सुंदर एवं सुविधापूर्ण शहर बनाने, नगर सुराज संगम 2025 सुशासन मे समृद्धि की ओर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने मार्गदर्शन दिया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से तालाबों में स्वच्छता रहेगी। नगरीय निकायों द्वारा संपत्ति कर एवं यूजर चार्ज की वसूली में कमी दिखती है यह हमारे लिए चुनौती है। हमारे सामने सीवेज एवं जल निकासी, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संकट, पक्के आवास की कमी, नियमन एवं शहरीकरण, सड़क नेटवर्क यातायात, आपातकालीन प्रबंधन, हितग्राही मूलक सेवाओं की आपूर्ति जैसे हमारे लिए चुनौती है। हमें अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है। नगरीय निकायों का मुख्य उद्देश्य शहरी नागरिकों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है इसके लिए पाइप लाइन विस्तार, जल स्रोत संरक्षण एवं शुद्धिकरण द्वारा हर घर में नल से स्वच्छ जल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना है। जगदलपुर महापौर संजय पांडे, सभापति खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडेय, निर्मल पाणिग्रही, राणा घोष, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, आयुक्त प्रवीण वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज कार्यशाला में उपस्थित रहे।

संजय से अरुण की आत्मीयता
प्रबोधन कार्यक्रम एवं कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के आत्मीय संबंध की झलक भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान सारे महापौर, सभापति एवं एमआईसी सदस्यों के साथ डिप्टी सीएम अरुण साव दर्शक दीर्घा में बैठे थे। एक ही सोफे पर श्री साव के बाजू में महापौर संजय पाण्डेय और अगल बगल में राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव एवं भिलाई के महापौर नीरज पाल बैठे थे। भिलाई और राजनांदगांव नगर निगम जनसंख्या, क्षेत्रफल, जनसंख्या, वार्डों की संख्या के लिहाज से जगदलपुर की अपेक्षा काफी बड़े हैं। इन दोनों नगर निगमों की स्थानीय स्तर पर आमदनी भी काफी ज्यादा है। वहीं दूसरी ओर राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव सांसद भी रह चुके हैं और विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के वे बेहद करीबी हैं। वहीं राजनांदगांव के मेयर नीरज पाल कांग्रेसी हैं। सबसे बड़ी बात यह रही कि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव जगदलपुर के मेयर संजय पाण्डेय के हाथ पर अपना हाथ रखकर बैठे नजर आए। इससे जाहिर होता है कि राजधानी में भी हमारे संजय बाबू के जलवे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *