छत्तीसगढ़ में घोषित 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम—हर छात्र की मेहनत सराहनीय, सफलता को सम्मान और असफलता को संबल की ज़रूरत —राहुल कुमार पांडे
जगदलपुर | छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम हाल ही में घोषित हुए हैं। इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अलनार (बस्तर) के गणित विषय के व्याख्याता राहुल कुमार पांडे ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा:
“यह केवल परीक्षा परिणाम नहीं, विद्यार्थियों के परिश्रम, धैर्य और आत्मविश्वास की सार्वजनिक अभिव्यक्ति है। जिन्होंने सफलता अर्जित की है, उन्हें मैं हृदय से बधाई देता हूँ। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि निरंतर प्रयास, उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जिन छात्रों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, या किसी कारणवश असफल घोषित किया गया है—उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है।
“असफलता किसी की योग्यता को परिभाषित नहीं करती, बल्कि यह सीखने और सुधारने का अवसर प्रदान करती है। जीवन में परीक्षा एक पड़ाव भर है, मंज़िल नहीं। एक प्रयास असफल हो सकता है, लेकिन व्यक्ति कभी असफल नहीं होता जब तक वह प्रयास करना नहीं छोड़ता।”
श्री पांडे ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ये विद्यालय दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को बधाई और धन्यवाद देते हुए कहा कि—
“हर छात्र की मेहनत काबिल-ए-तारीफ़ है। हम सबका दायित्व है कि हम सफलता का उत्सव मनाएँ, और असफलता का संबल बनें।”
