करपावंड में समाधान शिविर, 4179 आवेदनों में 32 लंबित, जनप्रतिनिधियों ने उठाए समाधान पर सवाल

बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत करपावंड में सुशासन तिहार समस्याओं का समाधान, आपके शहर आपके ग्राम” अभियान के तहत रेस्ट हाउस के सामने मैदान पर समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिउरगांव, सुवाचोंड, संधकरमरी, पोटियावंड, सानदेवड़ा, करपावंड, बड़ेदेवड़ा, सौतपुर, नारावंड, पाथरी, मैलबेड़ा, कोलावल, मोखागांव, भिरेंडा, धनपुर सहित अनेक ग्राम पंचायतों के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण कुमार पांडे, जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य, ललिता कश्यप, तुलसी पुजारी, छोटे दाऊ निषाद, रायपाल, घासीराम यादव, सोनसाय कश्यप, सरपंच लखमू नेताम, जनपद पंचायत सीईओ पारेश्वर कुर्रे समेत विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में कुल 4179 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 32 आवेदनों का निराकरण अभी लंबित है। जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक समस्या है, तब तक समाधान जरूरी है। प्राप्त सभी आवेदनों का तत्काल निराकरण किया जाए। जिला पंचायत सदस्य बनवासी मौर्य ने कहा कि सुशासन तिहार शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने मंच पर विभागीय अधिकारियों को बुलाकर ध्यान आकृष्ट कराया और योजनाओं की जानकारी दी।जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनबारी भद्रे ने कहा कि हर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शिविर में उपस्थित हैं ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके। इस मौके पर ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी समस्याएं साझा कीं और समाधान की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *