तालाब की सफाई करने उतरे वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप

अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर के आदिवासी सपूत तथा प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, सहकारिता, कौशल विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप अक्सर कुछ ऐसे कार्य कर दिखाते हैं, जो औरों के लिए नजीर बन जाते हैं। शनिवार को भी मंत्री केदार कश्यप ने कुछ ऐसा कर दिखाया कि लोग खुद बखुद उनके नक्शे कदम पऱ चलने लगे।
मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर नगर के वार्ड क्रमांक 13, कुम्हारपारा स्थित बम्बूर तालाब निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस तालाब का 30 लाख रुपए की लागत से अधोसंरचना का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रिटेनिंग वॉल, पचरी निर्माण व अन्य कार्य शामिल है। मंत्री श्री कश्यप ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। इस दौरान उन्होंने तालाब में चल रहे सफाई कार्य में भी अपनी सहभागिता दी और श्रमदान किया। मंत्री श्री कश्यप को तालाब की सफाई करते देख उनके साथ उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी श्रमदान कर सफाई कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। निरीक्षण उपरांत केदार ने तालाब के किनारे करंजी पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि जल संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। बंबूर तालाब के विकास से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, संध्या पवार, गौतम एस. गोलछा, प्रताप सिंह मंडावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *