मेयर संजय पाण्डेय ने देखे जल भराव के हालात
जगदलपुर। महापौर संजय पाण्डे एमआईसी सदस्य व पार्षदों के साथ बुधवार सुबह जल भराव की स्थिति का जायजा लेने शहर में निकले। मालूम हो कि बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया है। इसकी सूचना मिलते ही महापौर सुबह से ही नगर निगम टीम के साथ निकले थे।
महापौर संजय पाण्डेय ने अपने पार्षदों व निगम अमले के साथ कुछ वार्डो का दौरा किया। जल भराव के साथ-साथ सफाई व्यवस्था का भी जायजा उन्होंने लिया। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए समुचित प्रयास किए जाने का आश्वासन उन्होंने दिया।
शहर के दलपत सागर वार्ड स्थित गायत्री नगर, शहीद पार्क के सामने, चंद्रशेखर आजाद वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, सनसिटी, प्रताप देव वार्ड सहित कुछ स्थानों पर महापौर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गायत्री नगर में जलभराव एक विकराल समस्या है। विवादों के बीच पानी की निकासी को लेकर नाली बनाने आम सहमति का प्रयास किया गया है। सभी के सहयोग एवं सुझाव से ही पानी निकासी की व्यवस्था ठीक की जा सकती है। हर साल बरसात के मौसम में यहां दिक्कत होती है। इसके पहले भी कई दफा इस जगह का निरीक्षण किया जा चुका है। आज यहां के लोगों से बातचीत की गई है। नगर निगम के कॉन्ट्रेक्टर से त्वरित चैनल नाली बनाने को कहा गया। उन्होने कहा जनता के सहयोग से यहां काम किया जाएगा। तत्कालीक पहल की जाएगी कि यहां के लोगों के घरों में पानी ना भरे। शहीद पार्क के पास जल भराव की स्थिति को तत्काल जेसीबी के माध्यम से ठीक किया गया। वहीं निर्मल विद्यालय के सामने भी जल भराव के कारण उपजी समस्या का त्वरित निराकरण किया गया। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, पार्षद नरसिंह राव, हरीश पारेख, उर्मिला यादव, कुबेर देवांगन, लोकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, हेमंत श्रीवास, शक्ति वेल, दामोदर उपस्थित रहे।
