गुरु की कृपा चाहिए तो मेहनत, लगन और अनुशासन जरूरी : नितेश


कवर्धा,,,सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएमश्री सेजेस स्कूल में 60 शिक्षकों का सम्मान, छात्रों ने गीत-नृत्य व रंगोली से दिखाई प्रतिभा
बोड़ला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को पीएमश्री सेजेस शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बोड़ला में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परिसर स्थित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 60 शिक्षकों को शाल, श्रीफल व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने समूह गीत व नृत्य की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आयोजक भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शिक्षक सम्मान के साथ मेरे सपनों का भारत और विकसित भारत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों ने ड्राइंग व रंगोली प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया।
ब्लैक बोर्ड पर नजर सबकी, लेकिन गुरु की नजर किस पर है यह पता नहीं
शिक्षक के महत्व पर बोलते हुए अग्रवाल ने कहा कि गुरु ही विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ने के योग्य बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जब सौ बच्चों के बीच ब्लैक बोर्ड पर लिखते हैं तो सभी की नजर ब्लैक बोर्ड पर होती है, लेकिन गुरु की नजर किस विद्यार्थी पर है, यह बताना मुश्किल है। इसलिए गुरु की कृपा और मार्गदर्शन पाने के लिए विद्यार्थियों को जीवन में कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन और समय की पाबंदी को अपनाना होगा। यही सफलता का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि गुरु विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने वाला ऐसा जौहरी है, जो अपने अथक परिश्रम से उनके जीवन को प्रकाशमय बनाने का काम करता है। ऐसे गुरुजनों का सम्मान करना सभी के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम को शाला विकास प्रबंध समिति अध्यक्ष डॉ. प्रेमकांत मिश्रा, भाजपा वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, जिला पंचायत प्रतिनिधि लोकचंद साहू एवं प्राचार्य विजय खरे ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, महामंत्री राजेश साहू व अमित वर्मा, बरसाती वर्मा, बलदाऊ चंद्रवंशी, छोटू चंद्रवंशी, जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप, पार्षद संदीप गुप्ता, खुशबू कश्यप, सोमनाथ धुर्वे, माया मेरावी, नरेश साहू, चैन सिंह खुसरो, अरविंद अवस्थी सहित भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *