छत्तीसगढ़ की धरा पर कांग्रेस की फसल फिर से लहलहाने की कवायद में जुटे आदिवासी किसान पुत्र दीपक बैज

अर्जुन झा-
जगदलपुर। दीपक बैज संभवतः पहले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, जो अपने परिवार और घर बार से कहीं ज्यादा अहमियत अपनी पार्टी को देते आ रहे हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और लगन को देख आम कार्यकर्ता भी जोश से भर गए हैं।
दो दिन पहले ही दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने किसान, जवान, संविधान सभा का बड़ा आयोजन किया था। इस सभा के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी कार्यकर्ताओं, युवाओं, किसानों, महिलाओं और आदिवासियों की उमड़ी भीड़ से काफी प्रभावित नजर आए। इस सभा की सफलता के लिए दीपक बैज दो ढाई माह पहले से जी जान लगाए हुए थे। इसके लिए उन्होंने जी तोड़ मेहनत की थी और उस मेहनत का सुफल भी देखने में आया। इस सभा को निपटाने के बाद दीपक बैज फिर से अपने नए मिशन पर निकल पड़े हैं। इस बार उन्होंने मैनपुर बिंद्रा नवागढ़ से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क समेत अन्य जन सुविधाओं की मांग को लेकर जन न्याय पदयात्रा निकाली है। यात्रा के प्रथम दिन की शुरुआत हो चुकी है। यह पदयात्रा मैनपुर बिंद्रा नवागढ़ से लेकर राजभवन रायपुर तक निकाली जा रही है। जनहित में लगातार पदयात्राएं करने वाले दीपक बैज शायद पहले कांग्रेस अध्यक्ष हैं जो निरंतर जमीन पर सक्रिय रहते हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी अपने राज्य में लगातार सक्रिय रहते हैं, मगर पदयात्राओं के मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कोई मुकाबला नहीं है। कवर्धा से लेकर कोंटा तक, रायगढ़ से लेकर राजनांदगांव तक और सरगुजा से लेकररायपुर तक उन्होंने पदयात्राओं का जैसे रिकॉर्ड ही बना डाला है। अपने गांव, पत्नी और बेटे से करीब साढ़े तीन सौ किलोमीटर दूर रायपुर में रहकर दीपक बैज हमेशा पार्टी हित में सक्रिय बने रहते हैं। गांव में उनकी कृषि भूमि भी है और इन दिनों किसानी कार्य जोर शोर से चल रहा है, मगर आदिवासी किसान पुत्र दीपक बैज पूरे अपनी माटी अपनी जमीन छोड़कर प्रदेश में कांग्रेस की जमीन तैयार करने में लगे हुए हैं। दीपक बैज की यह मेहनत दर्शाती है की छत्तीसगढ़ की धरा पर कांग्रेस की फसल फिर से लहलहाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *