दो ईनामी सहित 6 नक्सली गिरफ्तार; विस्फोटक सामग्री बरामद

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नक्सली ईनामी हैं और पोलिंग बूथ पर फायरिंग और एक ग्रामीण की हत्या के आरोपी हैं।
सुकमा जिले की कोंटा और भेज्जी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में दो इनामी सहित कुल छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नक्सली पर 2 लाख और एक पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए दो मुख्य नक्सली वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव के दौरान बंडा मतदान केंद्र में सुरक्षा बलों पर फायरिंग की घटना में शामिल थे। इसके साथ ही वर्ष 2024 में गंगराजपाड़ गांव के ग्रामीण ताती बुधरा की निर्मम हत्या में भी इनकी संलिप्तता पाई गई है। नक्सली कुंजाम मुका पिता स्व. कुंजाम जोगा (उम्र 37), निवासी ग्राम पीलावाया
कोंटा एरिया कमेटी अंतर्गत मेहता आरपी जनताना सरकार अध्यक्ष है और 1 लाख ka ईनामी है। वहीं माड़वी मुया पिता माड़वी केशा (उम्र 30) निवासी पीलावाया थाना भेज्जी कोंटा एरिया कमेटी अंतर्गत मेहता आरपीसी मिलिशिया कमांडर है। उस पर 2 लाख का ईनाम है। इन दोनों के विरुद्ध थाना कोंटा में भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट और छत्तीसगढ़ विशेष जन सुरक्षा अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं।

दो दिन से कर रहे थे रेकी
उधर भेज्जी थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध युवक इंजरम-भेज्जी मुख्य मार्ग पर बीते दो दिनों से रेकी कर रहे हैं। कोंटा और भेज्जी थानों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एटेगट्टा और गोरखा के बीच से चारों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार नक्सलियों में माड़वी सुक्का, पिता कोसा (35), वीराभट्टी थाना भेज्जी जनताना सरकार सदस्य, सोड़ी चंदरू पिता सोड़ी पोज्जा (28) वीराभट्टी थाना भेज्जी जनताना सरकार सदस्य, मुचाकी लखमा पिता मुचाकी हड़मा (27) नीलामड़गू थाना भेज्जी डीएकेएमएस सदस्य और सोड़ी देवा पिता सिंगा (24) नीलामड़गू थाना भेज्जी जनताना सरकार सदस्य शामिल हैं। पूछताछ में इन लोगों बताया कि वे कोत्ताचेरू व गोरखा के जंगल में आईईडी प्लांट करने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस गश्त के कारण विस्फोटक छिपाकर रख दिया था।

भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जप्त
चारों की निशानदेही पर जंगल से तीन किलो वजनी 1 नग टिफिन बम, 7 मीटर कोर्डेक्स वायर, 15 मीटर बिजली वायर और 5 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए। थाना भेज्जी में इनके विरुद्ध 4(क) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस सफलता में डीआरजी सुकमा, थाना कोंटा व भेज्जी पुलिस, 218 बटालियन की बीजी व यंग प्लाटून, तथा 219 बटालियन की आसूचना शाखा की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *