स्वच्छता को सभी बनाएं जीवन का जरूरी हिस्सा: महापौर संजय पाण्डेय

जगदलपुर। नगर निगम द्वारा शनिवार को निगम कार्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यालय के अंदर व आसपास सफाई की गई। नारे लगाकर संकल्प लिया गया कि प्रत्येक शनिवार को चिन्हित स्थानों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं रविवार को किसी एक वार्ड में जाकर वार्ड में फैली गंदगी को साफ किया जाएगा।
निगम कार्यालय के पिछले हिस्से को अब पार्किंग स्थल के लिए उपयोग किया जाएगा, ऐसी योजना बनाई जा रही है। मालूम हो कि सप्ताह में एक दिन शनिवार को नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान कुछ समय से चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में आज नगर निगम कार्यालय के अंदर सफाई अभियान चलाया गया। महापौर संजय पाण्डे ने कह- स्वच्छता का अर्थ है हमारे आसपास के वातावरण को साफ रखना। यह केवल शारीरिक सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे आसपास के पर्यावरण को भी साफ रखना स्वच्छता का एक हिस्सा है। एक स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण में स्वच्छता का बहुत बड़ा योगदान होता है। हम अपने आसपास फैली गंदगी को दूर करें, स्वच्छता रखें तो बहुत सी गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। गंदगी से अनेक प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। यदि हम स्वयं को और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखते हैं तो हम गंभीर बीमारियो से बच सकते हैं। नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने कहा स्वच्छता से व्यक्ति के व्यक्तित्व में निखार आता है और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हम सभी नागरिकों का यह कर्तव्य है कि हम अपने घर, स्कूल, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ बनाए रखें। हम अपने घरों का गीला व सूखा कचरा अलग अलग दें यह भी हमारा कर्तव्य है। सफाई अभियान में एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, कलावती कसेर, पार्षद खगेंद्र, पारुल बोथरा, पूनम सिन्हा, आशा साहू, उर्मिला यादव, गायत्री बघेल, झरना महंती, रामनरेश पांडे, विधुशेखर झा, एचवाय कुकड़े, धीरज कश्यप, रितेश सिन्हा, सुलोचना, नवीन बोथरा, निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित नगर निगम के स्टॉफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *