आम जनता के साथ छल कर रही भाजपा सरकार: राजमन बेंजाम
जगदलपुर। राज्य में लगातार बढ़ रही बिजली दरों और अनियमित बिलिंग के विरोध में तोकापाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को तोकापाल स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, किसान, महिलाएं और आमजन शामिल हुए।
कांग्रेसियों ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजमन बेंजाम ने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता के साथ छलावा कर रही है। एक ओर तो महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ रखी है, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मीटर रीडिंग के मनमाने बिल भेजे जा रहे हैं जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहदेव नाग ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की नीति पर काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने, लो वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं, लेकिन समाधान के बजाय विभागीय अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली दरों में कटौती नहीं की गई और बिल सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज को सड़क से सदन तक बुलंद करती रहेगी। इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहदेव नाग, कार्यकारी अध्यक्ष मोती कश्यप, पूर्व जनपद अध्यक्ष मालती मौर्य, जिला सचिव गणेश कावड़े, संतोष कश्यप, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सरपंच संघ, जनपद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि व अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
