बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए पालक उतर आए मैदान पर
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। पूरे परिसर में झाड़ियां, घास फूस, स्कूल के रास्ते पर कंटीली झाड़ियां, बच्चों की जान और सेहत पर हर पल मंडराता खतरा। पालकों के माथे पर चिंता की लकीरें। ऐसे हालातों से निपटने का बीड़ा खुद पालकों ने उठा लिया। फावड़े, कुदाल लेकर पालक उतर पड़े मैदान पर। चंद घंटों की मेहनत से पूरा परिसर हो गया चकाचक।
ग्रामीण पालकों की सजगता की यह शानदार तस्वीर देखने को मिली बस्तर जिले के बस्तर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैरगुड़ा में। प्राथमिक शाला खैरगुड़ा में पालकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई के लिए श्रमदान किया। बारिश के मौसम में स्कूल परिसर के आसपास उगी घास-फूस और झाड़ियों को देखते हुए पालकों ने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में फैली झाड़ियों की कटाई करने के साथ कचरे और घास-फूस को हटाकर स्कूल परिसर को व्यवस्थित किया गया।पालकों का कहना है कि बारिश के दिनों में झाड़ियों के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई जरूरी है। पालकों ने कहा कि स्कूल गांव के बच्चों का भविष्य गढ़ने का स्थान है, इसलिए इसकी स्वच्छता और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल स्कूल प्रबंधन की नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की है। श्रमदान के दौरान पालकों ने सामूहिक रूप से सफाई कार्य में भाग लिया। इससे विद्यालय परिसर का वातावरण और अधिक स्वच्छ एवं सुरक्षित हो गया है। पालकों की इस पहल से विद्यालय के प्रति सामुदायिक सहभागिता की भावना भी सामने आई। इस अवसर पर देवनाथ ठाकुर, गिरीराम, विश्वनाथ, हरगोविंद, लखेश्वर, बोगलू और धरमू सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।
