श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज से हर रोज मिलेगा श्रद्धालुओं को भोग प्रसाद


जगदलपुर। शहर के श्री जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए 21 सितंबर से प्रतिदिन भोग प्रसाद की व्यवस्था शुरू की जा रही है। 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज द्वारा संचालित इस व्यवस्था के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ₹80 की सहयोग राशि निर्धारित की गई है।
भोग प्रसाद व्यवस्था के संचालन के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति में सुदर्शन पाणिग्रही को अध्यक्ष, प्यारेलाल पाढ़ी को उपाध्यक्ष, आत्माराम जोशी को सचिव और गजेंद्र पाणिग्रही कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी विपिन पाणिग्रही, सिराज पाणिग्रही और कौशल पांडे को सौंपी गई है।
इस संबंध में 20 सितंबर को समाज की बैठक आयोजित कर व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से भोजन प्रसाद उपलब्ध कराना इस व्यवस्था का उद्देश्य है। बैठक में समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, सचिव देवशंकर पंडा, ईश्वर खंबारी, बनवाली पाणिग्रही सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। भोग प्रसाद से संबंधित जानकारी के लिए श्रद्धालु मंदिर के पुजारी या समिति के सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *