धरमपुरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान जलापूर्ति बाधित,
जगदलपुर:- धरमपुरा इलाके में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस कार्य के चलते आसपास के कई मकानों की नल कनेक्शन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे क्षेत्र में जल आपूर्ति बाधित हो गई है। जैसे ही इस समस्या की जानकारी महापौर संजय पाण्डे को प्राप्त हुई, वे तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मौके से ही महापौर ने पीडब्ल्यूडी विभाग और पीएचई विभाग के अधिकारियों को तलब किया और दोनों विभागों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। उन्होंने ठेकेदार से चर्चा कर स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व ड्रेन व पाइप डक्ट लाइन सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग भी रोका जा सके। उन्होंने कहा कि बगैर समन्वय के कार्य करने से आम नागरिकों को समस्या होती है और सरकारी खर्च भी अनावश्यक रूप से बढ़ता है।
इस गंभीर विषय पर उन्होंने नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा से भी चर्चा की और नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे पीडब्ल्यूडी विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
इसके साथ ही महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में उसका मरम्मत खर्च पीडब्ल्यूडी विभाग वहन करेगा। उन्होंने इस दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध ढंग से कार्य निष्पादन पर बल दिया।
महापौर श्री पाण्डे ने नागरिकों से अपील की है कि यदि इस प्रकार की कोई समस्या सामने आए तो तुरंत नगर निगम कार्यालय को सूचित करें, ताकि तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
