विधायक विक्रम मंडावी ने कहा: स्कूल-अस्पताल की जगह शराब दुकानें खोलना कैसा विकास?

बीजापुर :- विकासखण्ड भोपालपटनम के ग्राम पंचायत संगमपल्ली में सरकार द्वारा विदेशी (अंग्रेजी) मदिरा दुकान खोले जाने के विरोध में संगमपल्ली एवं आसपास के गांवों के ग्रामीणों और आदिवासियों ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम शराब दुकान को तत्काल बंद कर हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत संगमपल्ली आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां विदेशी मदिरा दुकान खुलने से बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। अपराध बढ़ने की आशंका है तथा आसपास के गांवों के आदिवासी युवा अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। संगमपल्ली और आसपास के गांवों के ग्रामीण भी इस दुकान के विरोध में हैं। इसलिए ग्राम पंचायत संगमपल्ली में खोली गई विदेशी मदिरा दुकान को तत्काल बंद किया जाए।
इस मुद्दे पर बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि “एक ओर ग्रामीण और युवा स्कूल, अस्पताल, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, वहीं भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास के इन मूलभूत कार्यों के बजाय ग्रामीणों को डरा-धमका कर सरकारी शराब दुकानें खोल रही है। यह कैसा विकास है? भाजपा सरकार को इस पर जवाब देना होगा।” इसके साथ ही ग्रामीणों ने 15 तारीख के भीतर शराब दुकान को हटाने की मांग की है, अन्यथा 15 तारीख के बाद शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान लालू राठौर, नीना रावतिया उद्दे, शंकर कुड़ियाम, मिच्छा मुतैया, मनोज यलम, सुनील उद्दे, सुरेश सोढ़ी, इस्तारी तलंडी, कामेश्वर गौतम, अरुण वासम और मनोज कसोजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *