फसल बीमा के नाम पर किसानों से हो रही है ठगी – अभिषेक डेविड

जगदलपुर :- युवा कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष बस्तर अभिषेक डेविड ने राज्य और केंद्र सरकार पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा है कि फसल बीमा योजना किसानों के लिए राहत नहीं, बल्कि शोषण का माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि बीमा योजना का लाभ वास्तविक किसानों को मिल ही नहीं रहा है, और यह योजना केवल कागजों में साकार हो रही है।

अभिषेक डेविड ने कहा कि सरकार किसानों के बैंक खातों से फसल बीमा के नाम पर हर साल हजारों रुपए की कटौती करती है, लेकिन जब असल में किसानों की फसल नष्ट हो जाती है, तो मुआवजा देने के नाम पर उन्हें सिर्फ आश्वासन और तारीखें मिलती हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में हजारों किसान प्राकृतिक आपदा, कीट प्रकोप या सूखे से प्रभावित होते हैं, लेकिन उन्हें न तो बीमा क्लेम की सही जानकारी मिलती है और न ही उचित मार्गदर्शन। बीमा क्लेम के लिए जरूरी कागजात और प्रक्रिया इतनी जटिल है कि गरीब, अशिक्षित किसान उसमें उलझ कर रह जाते हैं।

“बीमा कंपनियां केवल मुनाफा कमा रही हैं और प्रशासन की लापरवाही के चलते किसानों को उनका हक नहीं मिल पा रहा।”
अभिषेक डेविड, कार्यकारी जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस,बस्तर।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीमा कंपनियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से क्लेम रिपोर्टिंग में हेराफेरी की जाती है, ताकि किसानों को मुआवजा ही न मिल सके।

सरकार की चुप्पी और लापरवाही साबित करती है कि वह किसानों के मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो कांग्रेस पार्टी किसानों की आवाज बनकर सड़कों पर उतरेगी और व्यापक जन आंदोलन छेड़ेगी।

अभिषेक डेविड ने प्रशासन से मांग की कि:

1.किसानों के लंबित फसल बीमा क्लेम का तत्काल निराकरण किया जाए

2.बीमा प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए

3.दोषी बीमा कंपनियों और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *