रक्से स्कूल में ‘डिजी–क्लास’ का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री ने ऑनलाइन किया उद्घाटन


कवर्धा,,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रक्से में आज तकनीकी शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आधुनिक डिजी–क्लास (Smart Digital Classroom) का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्घाटन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ऑनलाइन माध्यम से किया। उद्घाटन के दौरान विद्यालय के छात्र खुमेश कुमार जांघेल ने उपमुख्यमंत्री से ऑनलाइन बातचीत करते हुए अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई पहले के ब्लैकबोर्ड की तुलना में अधिक रोचक और प्रभावी हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले कई विषयों को समझने के लिए केवल कल्पना करनी पड़ती थी, पर अब 3D सिमुलेशन और विज़ुअल कंटेंट के माध्यम से वही बातें उनकी आँखों के सामने जीवंत रूप में दिखाई देती हैं, जिससे पढ़ाई आसान और समझने योग्य हो गई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छात्र की बातों की सराहना की और कहा कि यही डिजिटल शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है—ज्ञान को और अधिक सरल, स्पष्ट और आधुनिक बनाना। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राम चरण साहू जी (युवा मोर्चा अध्यक्ष, जिला कबीरधाम) उपस्थित रहे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री उमेश शर्मा जी (ब्यूरो प्रमुख, इंटरनेशनल न्यूज़), श्री संतोष तिवारी जी (शक्ति केंद्र प्रभारी), श्री सियाराम साहू जी (शक्ति केंद्र संयोजक), श्री भरत लाल साहू जी (बूथ अध्यक्ष, रक्से), श्री पुनाराम साहू जी (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, रक्से) तथा ग्राम पंचायत रक्से की सरपंच श्रीमती पुष्पा ठाकुर जी सहित समिति के सभी सदस्यगण और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने डिजिटल कक्षा का अवलोकन किया, जिसमें लगाए गए स्मार्ट बोर्ड, ऑडियो–विजुअल सामग्री और आधुनिक शिक्षण उपकरणों ने सभी को आकर्षित किया। सभी अतिथियों ने इसे ग्रामीण छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जो उनकी सीखने की क्षमता, समझ और भविष्य के अवसरों को नई दिशा प्रदान करेगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने उपमुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह ‘डिजी–क्लास’ विद्यालय के विकास के नये युग की शुरुआत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *