50 लाख का धान और मक्का जप्त; 17 व्यापारियों और कोचियों पर केस दर्ज



जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर हरिश एस. के निर्देशन में मंडी सचिव जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध रूप से कृषि ऊपज की खरीदी कर बिना किसी दस्तावेज के भंडारण एवं परिवहन किए जा रहे 50 लाख से अधिक का धान, मक्का एवं अन्य कृषि ऊपज जप्त की गई है। परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को भी जप्त कर संबंधित क्षेत्र के थाने को सुपुर्द किया गया है।
मंडी सचिव द्वारा चलाए जा रहे अभियान और ताबड़तोड़ कार्रवाई से व्यापारियों एवं कोचियों में हड़कंप मच गया है। विगत 15 दिनों में 17 व्यापारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। ज्ञातव्य हो कि शासन द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। सीमावर्ती राज्य के कई बिचौलिये धान का परिवहन कर खरीदी केंद्रों में बेचने की ताक में रहते हैं। ऐसे बिचौलियों पर नकेल कसने जिला स्तर पर टीम गठित की गई है। टीम सीमावर्ती इलाकों के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है। बिना दस्तावेज के कृषि ऊपज की खरीदी बिक्री पर नकेल कसने को लेकर मंडी सचिव श्री दुबे मंडी निरीक्षक वीरेंद्र दिलीवार, मंडी निरीक्षक पिंटू बघेल एवं अन्य कर्मचारी जिले में लगातार गश्त कर अवैध भंडारण एवं परिवहन पर नकेल कसने में लगे हैं।विगत 15 दिनों से लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत कोलावल, पाथरी, जैबेल, संधकरमरी, मरी, केसरपाल, बकावंड, धनपुर सहित अन्य गांवों में एक दर्जन से अधिक व्यापारियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। तलाशी में आधा दर्जन व्यापारियों के ठिकानों से बिना किसी दस्तावेज के धान एवं मक्का भंडारित होने पर मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। वहीं साप्ताहिक बाजारों में भी बिना लायसेंस के अवैध ढंग से कृषि ऊपज की खरीदी करने को लेकर आधा दर्जन व्यापारियों पर भी कार्रवाई की गई है। वाहनों से अवैध ढंग से धान परिवहन करते हुए 8 वाहन जप्त किया गए हैं। जप्त वाहनों में पिकअप एवं मिनी ट्रक शामिल हैं।


50 लाख का धान- मक्का जप्त
मंडी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 8 नवंबर से चलाए गए अभियान के दौरान 25 नवंबर तक 17 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। 689 क्विंटल धान एवं 1990 क्विंटल मक्का एवं अन्य उपज जप्त करने की कार्रवाई की गई है। जप्त उपज की कीमत 50 लाख 99 हजार बताई गई है। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

जारी रहेगा अभियान
अभियान के तहत 17 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, 50 लाख रू. से अधिक की कृषि ऊपज जप्त की गई है। बिना मंडी लायसेंस के कृषि ऊपज की खरीदी बिक्री मामले में अभियान जारी रहेगा।
सतेंद्र दुबे,
मंडी सचिव, जगदलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *