एड़ापल्ली ग्राम पंचायत की सरपंच पर अनियमितताओं के गंभीर आरोप



जगदलपुर। बस्तर के बीजापुर जिले की भोपालपटनम जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत एड़ापल्ली के ग्रामीणों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच द्वारा पंचायत क्षेत्र में न तो मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और न ही सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2020-21 में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन का निर्माण आज तक पूर्ण नहीं हुआ है। जबकि निर्माण के लिए स्वीकृत संपूर्ण राशि का आहरण सरपंच द्वारा कर लिया गया है। इतना ही नहीं, भवन निर्माण में लगे मजदूरों को भी अब तक भुगतान नहीं मिला है।



पुलिया बना नहीं, राशि हजम
इसी तरह ग्राम एड़ापल्ली में स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य भी स्थल पर नहीं किया गया, परन्तु उसकी राशि का भी पूर्ण आहरण कर लिया गया है। पुलिया नहीं बनने से ग्रामीणों को आवागमन में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दो बार चुनाव जीतने के बाद भी पंचायत में अनुपस्थित रहने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत में उल्लेख किया है कि सरपंच सुकना कावरे ने दो बार चुनाव जीतने के बावजूद आज तक पंचायत कार्यालय में अपनी नियमित उपस्थिति नहीं दी है। उनका निवास भोपालपटनम के संड्रापारा में होने के कारण वे गांव के लोगों से संपर्क भी नहीं करतीं और न ही पंचायत की बैठकें आयोजित होती हैं।ग्रामीणों के मुताबिक सरपंच उनसे यह कहती हैं कि आप लोगों ने मुझे वोट नहीं दिया, इसलिए मैं कोई काम नहीं करूंगी।

राशन ढुलाई का भुगतान नहीं
शिकायत में यह भी बताया गया है कि नियद नेल्लानार योजना के तहत आवश्यक दस्तावेज बनवाने में सरपंच का सहयोग नहीं मिलने से ग्रामीणों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार बुलाने के बाद भी सरपंच पंचायत में उपस्थित नहीं हुईं। इसके अलावा, बीपीएल कार्डधारियों को मिलने वाले राशन को ट्रैक्टर से गांव तक पहुंचाया गया था, परंतु ट्रैक्टर मालिकों को आज तक भुगतान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार
ग्रामीणों ने सरपंच के कार्यों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। आवेदन पर तोडसम सम्मैया, गणपत तकारी, तेलम मुत्ता, उप सरपंच रमेश सहित ग्रामवासियों के हस्ताक्षर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *