पीएम आवास नवाचार को राष्ट्रीय पहचान-जांगला कालोनी मॉडल असम में होगा लागू

बीजापुर :- प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के अंतर्गत बीजापुर जिले की ग्राम पंचायत जांगला में विकसित कालोनी आधारित आवास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। इसी क्रम में असम राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जांगला पंचायत के दौरे पर पहुंचा और इस मॉडल का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
असम से आए प्रतिनिधिमंडल में ध्रुब ज्योति नाथ (ज्वाइंट कमिश्नर), रंजित दास (एसपीई) एवं निलोत्पल मिश्रा (एसपीई) शामिल थे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य से राजेंद्र पाण्डेय, उपायुक्त राज्य प्रधानमंत्री आवास योजना तथा सोमकांत साहू, सहायक अभियंता महात्मा गांधी नरेगा उपस्थित रहे। अतिथियों का जांगला आगमन पर सरपंच तुलसी कुरसम और उपसरपंच रामधर के नेतृत्व स्व सहायता समूह की महिलाओं और राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों ने बस्तर के पारंपरिक गौर सिंग पहनाकर स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत अधिकारियों ने पारंपरिक गीत का भी आनंद लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम पंचायत जांगला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 120 आवासों की कालोनी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कालोनी के सुव्यवस्थित लेआउट, बेहतर प्लानिंग और चरणबद्ध निर्माण प्रक्रिया की सराहना की। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कालोनी के रूप में विकसित आवासों से न केवल मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हुई हैं, बल्कि लाभार्थियों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन भी मिल पाएगा । वर्तमान में आवास फिनिशिंग कार्य अपने अंतिम चरण पर है।

गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर विशेष ध्यान

अधिकारियों ने आवासों की संरचना, डिजाइन, निर्माण सामग्री और तकनीकी गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। बेहतर निगरानी व्यवस्था, तकनीकी मार्गदर्शन और समयबद्ध क्रियान्वयन के चलते सभी आवास मजबूत और सुरक्षित पाए गए।
निर्माण के दौरान तकनीकी मार्गदर्शन को भी अधिकारियों ने इस मॉडल की महत्वपूर्ण विशेषता बताया।

जमीनी स्तर पर बदलाव का प्रभावी उदाहरण
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट कमिश्नर ध्रुब ज्योति नाथ ने कहा कि
“बीजापुर जिले का जांगला मॉडल यह साबित करता है कि यदि योजना निर्माण सही हो और निगरानी प्रभावी हो, तो सरकारी योजनाएं जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव ला सकती हैं।”

उन्होंने कहा कि कालोनी आधारित आवास निर्माण से कार्य की गति तेज हुई है और निर्माण गुणवत्ता में भी स्पष्ट सुधार देखने को मिला है। साथ ही सामाजिक समरसता और बेहतर जीवन-स्तर को भी बढ़ावा मिला है।
राजमिस्त्री प्रशिक्षण लाभार्थियों से मिलकर की हौसला अफजाई
इस दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायत सकनापल्ली, जनपद पंचायत भैरमगढ़, में प्रोजेक्ट उन्नति कार्यक्रम के अंतर्गत आर – सेटी के माध्यम से राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों से मुलाकात कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए उनकी हौसला अफजाई की। प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में आवास निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करना एवं निर्माण प्रगति को गति देना है। हितग्राहियों ने बताया कि इससे आत्मनिर्भरता बढ़ेगी तथा रोजगार व आय के नए अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *