जिला अस्पताल बीजापुर में थायरॉइड गांठ का सफल ऑपरेशन



बीजापुर, / जिला अस्पताल बीजापुर में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। ग्राम केरपे निवासी 30 वर्षीय श्री रमेश कुमार वॉचम, जो विगत लगभग दस वर्षों से गले में गांठ की समस्या से पीड़ित थे, का थायरॉइड ग्रंथि में विकसित गांठ का सफल शल्य उपचार जिला अस्पताल में किया गया।


कान-नाक-गला विशेषज्ञ के परामर्श एवं विस्तृत जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मरीज की समस्या थायरॉइड ग्रंथि से संबंधित है। आवश्यक सभी जांचें जिला अस्पताल में ही पूरी की गईं, जिसके उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शल्यक्रिया का निर्णय लिया।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को प्रातः कान-नाक-गला विशेषज्ञ डॉ. विभू तिवारी एवं निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पी. सुधाकर की संयुक्त टीम द्वारा लगभग दो घंटे तक चली शल्यक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहा है।
इस शल्यक्रिया की सफलता में सेन्ट्रल लैब विभाग की भूमिका भी सराहनीय रही। पैथोलॉजिस्ट डॉ. समीरानंदन द्वारा समय पर उपलब्ध कराई गई सटीक पैथोलॉजी रिपोर्ट से रोग का सही निदान संभव हो सका, जिससे उपचार संबंधी निर्णय समयबद्ध तरीके से लिए जा सके।
पूरे उपचार कार्य में कलेक्टर  संबित मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी. आर. पुजारी के प्रशासनिक मार्गदर्शन तथा सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर की सतत निगरानी से आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई।
यह सफलता जिला अस्पताल बीजापुर में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमाण है, जिससे आम नागरिकों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *