भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रही है अफीम की खेती: सुशील मौर्य
जगदलपुर। आज राजीव भवन जगदलपुर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और अन्य कांग्रेसजन काली पट्टी बांधे हुए थे।
पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए सुशील मौर्य ने कहा कि कल दुर्ग के समोदा गांव के एक फार्म हाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती का खुलासा हुआ। अफीम की खेती भाजपा नेता विनायक ताम्रकार करवा रहे थे। विनायक ताम्रकार भाजपा दुर्ग जिला किसान मोर्चा का पूर्व अध्यक्ष हैं तथा वर्तमान में वह भाजपा के राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक हैं। भाजपा के सभी कार्यक्रमों में उनकी महत्वपूर्ण और सक्रिय भागीदारी रहती है। वे भाजपा का स्थापित नेता और प्रदेश पदाधिकारी हैं।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, तोखन साहू, गृहमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, भाजपा के राष्ट्रीय नेता अजय जामवाल, शिवप्रकाश सहित अनेकों नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में हैं।श्री मौर्य ने कहा कि बिना सरकार के संरक्षण के कोई अफीम की खेती खुलेआम करे यह संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जब से सरकार में आई है, राज्य में जुआ, सट्टा, शराब की तस्करी बढ़ गई है, नशे का कारोबार बढ़ गया है। सत्ता में बैठे लोग इन अवैध कृत्यों को संरक्षण देते हैं। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर गृहमंत्री इस्तीफा दें। सुशील मौर्य ने कहा कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ नशे के मामले में पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ चुका है। शहरों के आउटर के कैफे तो युवाओं को नशा परोसने का केंद्र बन चुके है। पुलिस इसको रोकने के बजाय सहयोगी बनी हुई है। कांग्रेस की सरकार थी तब वर्षों से चल रहे हुक्का बारों को बंद करवाया था, राज्य में सूखे नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया गया था। भाजपा की सरकार बनने के बाद एक बार फिर से नशे का कारोबार शुरू हो गया है। सरकार नशे के कारोबार पर रोक लगाने में विफल साबित हो रही है। पूरे प्रदेश में युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। सरकार और पुलिस की मिलीभगत के कारण ही प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।पिछले दो साल में शराब, गांजा, अफीम, हेरोईन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत महामारी का रूप ले चुकी है। चंद पैसों के लिए सत्तासीन लोग नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने के बजाय संरक्षण दे रहे हैं।बिना सत्ता के संरक्षण के ड्रग्स राजधानी में खुलेआम नहीं बिक सकती। राज्य में भाजपा की 2 साल से सरकार है। कौन सत्ताधीश इसके पीछे है इसका भी खुलासा होना चाहिए,
कलचा हत्याकांड बड़ा कलंक
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कलचा हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा जगदलपुर के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कलचा में होली मंडई मेले के दौरान हुई दो युवकों की नृशंस हत्या प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन के सुशासन नहीं कुशासन का प्रतीक है। इस मंडई मेले में सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए और रात को यह घटना घटी है। सांसद महेश का यह गृहग्राम है, विधायक व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव का यह क्षेत्र है जो सुरक्षित नहीं है तो पूरे बस्तर की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। भाजपा की सरकार में बस्तर अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। हत्या, लूट और हिंसा की खबरें अब आम हो गई हैं। प्रदेश में कथित सुशासन का दावा व ढोंग करने वाली साय सरकार में अपराधी बेखौफ हैं और सरकार के जनप्रतिनिधि केवल विज्ञापनों तक सीमित हैं।इस दौरान ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक राजमन बेंजाम, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महामंत्री अभिषेक नायडू, सूर्यापानी, संतोष सेठिया, गणेश कावड़े आदि मौजूद रहे।
