प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान आर्थिक नीतियों की विफलता का कबूलनामा,छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचाकर बड़े कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचा रही भाजपा सरकार- सुशील मौर्य

जगदलपुर।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्योगपतियों से रोजगार सृजन और कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि को लेकर किए गए सवालों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह बयान देश की आर्थिक नीतियों की विफलता का स्पष्ट कबूलनामा है। जिस मुद्दे को कांग्रेस लंबे समय से उठाती रही है, आज प्रधानमंत्री स्वयं उसी चिंता को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर रहे हैं।
सुशील मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर 2026 को FICCI के कार्यक्रम में उद्योग जगत को संबोधित करते हुए सवाल उठाया कि सरकार द्वारा कॉर्पोरेट टैक्स में बड़ी राहत देने और कारोबार के अनुकूल वातावरण तैयार करने के बावजूद कंपनियों ने कर्मचारियों के वेतन में अपेक्षित वृद्धि क्यों नहीं की और पर्याप्त रोजगार के अवसर क्यों नहीं पैदा किए। प्रधानमंत्री का यह सवाल अपने आप में सरकार की आर्थिक नीतियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया, उद्योगपतियों को अनेक रियायतें दीं और बड़े उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाने का दावा किया, लेकिन इन राहतों का लाभ आम कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों तक नहीं पहुंचा। कंपनियों को फायदा मिला, लेकिन देश के युवाओं को स्थायी रोजगार और कर्मचारियों को बेहतर वेतन नहीं मिला। आखिर सरकार की इन नीतियों का लाभ किसे मिला और आम जनता को इनसे क्या हासिल हुआ, इसका जवाब प्रधानमंत्री को देना चाहिए।

सुशील मौर्य ने कहा कि लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी लंबे समय से देश की आर्थिक व्यवस्था में बढ़ते एकाधिकार, चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने और छोटे व्यापारियों एवं MSME सेक्टर की बदहाल स्थिति को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। प्रधानमंत्री का हालिया बयान कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि करता है।भाजपा सरकार की नीतियों के चलते देश के महत्वपूर्ण संसाधनों, एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानों और अन्य क्षेत्रों में कुछ चुनिंदा बड़े कॉर्पोरेट घरानों का प्रभाव लगातार बढ़ा है।देश में प्रतिस्पर्धा कमजोर हो रही है और आर्थिक गतिविधियों का केंद्रीकरण कुछ बड़े समूहों तक सीमित होता जा रहा है। ऐसी व्यवस्था में छोटे उद्योग, स्थानीय व्यापारी और नए उद्यमियों के लिए आगे बढ़ने के अवसर लगातार कम होते हैं।

सुशील मौर्य ने कहा कि एकाधिकारवादी आर्थिक व्यवस्था रोजगार पैदा करने के बजाय प्रतिस्पर्धा को खत्म करती है, बाजार में असंतुलन पैदा करती है और आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का दबाव बढ़ाती है।जब बाजार कुछ चुनिंदा कंपनियों के नियंत्रण में चला जाता है, तब छोटे व्यवसायों के लिए टिके रहना मुश्किल हो जाता है और देश की आर्थिक मजबूती प्रभावित होती है।देश में वास्तविक रोजगार सृजन की जिम्मेदारी छोटे दुकानदारों, स्थानीय कारोबारियों, लघु उद्योगों और MSME सेक्टर की है। लेकिन नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण GST व्यवस्था जैसी नीतियों ने इन क्षेत्रों को गहरा नुकसान पहुंचाया है। लाखों छोटे व्यापारी आर्थिक संकट से जूझने को मजबूर हुए, कई कारोबार बंद हुए और रोजगार के अवसर प्रभावित हुए। इसके बावजूद सरकार आज भी बड़े उद्योगपतियों को राहत देने और उनकी सुविधाएं बढ़ाने में प्राथमिकता देती दिखाई दे रही है।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री को केवल उद्योगपतियों से सवाल पूछने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी सरकार की नीतियों की जवाबदेही भी तय करनी चाहिए। कॉर्पोरेट टैक्स में राहत देने के बाद रोजगार और वेतन वृद्धि क्यों नहीं हुई? छोटे व्यापारियों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए? युवाओं को स्थायी रोजगार कब मिलेगा? और देश की अर्थव्यवस्था में बढ़ते एकाधिकार को रोकने के लिए सरकार की क्या नीति है? देश को ऐसी आर्थिक नीति की जरूरत है, जिसमें बड़े उद्योगों के साथ छोटे व्यापारियों, MSME, मध्यम वर्ग, मजदूरों और युवाओं को भी समान अवसर मिले। रोजगार, वेतन वृद्धि, बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और आम जनता की आर्थिक स्थिति में सुधार ही विकास का वास्तविक पैमाना होना चाहिए। भाजपा सरकार को अपनी आर्थिक नीतियों पर आत्ममंथन कर जनता के हित में जवाबदेही तय करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *