बीईओ दफ्तर को वसूली का अड्डा बना दिया बाबू ने
बकावंड। छत्तीसगढ़ में एक बहुत ही पुरानी कहावत प्रचलित है। यह कहावत है- टोनही भी एक घर छोड़ कर वार करती है। मगर बकावंड विकासखंड शिक्षा विभाग कार्यालय में एक ऐसे बाबू कार्यरत हैं, जिन्होंने अपनी बिरादरी के शिक्षकों से लूट मचा रखी है। मूलतः शिक्षक ये बाबू साहब अटैचमेंट के तहत बकावंड के विकासखंड शिक्षा कार्यालय में बाबूगिरी का दायित्व सम्हाल रहे हैं।इन्होंने खंड शिक्षा कार्यालय को वसूली का अड्डा बना लिया है। उनकी हरकतों से सारे शिक्षक हलाकान हो चले हैं। अब उनके खिलाफ शिक्षक लामबंद हो रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक अपने रोजमर्रा के कार्य और एनओसी जैसे मामले में बार बार बाबू द्वारा कमीशन मांगने से हलाकान हो उठे हैं। उनका कहना है कि बीईओ ऑफिस में बैठे एक बाबू जिन्हे जोशी बाबू के नाम से जाना जाता है, उनके द्वारा आदिवासी बाहुल्य विकासखंड कार्यरत शिक्षकों को आर्थिक रूप से बहुत ज्यादा परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में जब जोशी बाबू का पक्ष जानने उनसे संपर्क किया गया तो, उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। परेशान शिक्षकों ने स्थानीय एसडीएम से मामले पर शिकायत करने के लिए एक बैठक भी की है। अब जल्द ही यह मामला एसडीएम तक पहुंचने वाला है।
