कुरेंगा में कार्रवाई पर उठे सवाल: बुटलू बघेल का घर टूटा, ग्रामीणों ने तहसील में जताया विरोध…
जगदलपुर:- तोकापाल तहसील अंतर्गत ग्राम कुरेंगा निवासी बुटलू बघेल के घर पर प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई अन्य लोगों द्वारा भी कथित रूप से शासकीय भूमि पर कब्जा किया गया है, लेकिन कार्रवाई केवल एक ही व्यक्ति के खिलाफ की गई, जो कि स्पष्ट रूप से पक्षपातपूर्ण रवैया दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि यदि अतिक्रमण हटाना है तो सभी पर समान रूप से कार्रवाई की जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अन्य कब्जाधारियों पर भी समान कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गरीब व्यक्ति को निशाना बनाकर राजनीति द्वेषपूर्ण की गई इस कार्रवाई से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, और इससे आम जनता का भरोसा भी कमजोर हो रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संतोष कश्यप, युवा नेता मोहनीश नाग, युवा नेता सुनील कश्यप, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव गोविन्द कश्यप, पितर नाग एवं ग्राम पंचायत कुरेंगा के पूर्व सरपंच सुकमन कश्यप एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
