बस्तर की आदिवासी बेटी कुसुम बनी बस्तर हेरिटेज मैराथन की सरताज



जगदलपुर बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 में वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण देव ने झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। मैराथन दौड़ 42 किमी बस्तर केटेगरी में बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत मधोता की आदिवासी बेटी कुसुम शार्दुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुसुम बस्तर ओलंपिक समेत कई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में प्रथम रही है।


मैराथन दौड़ के उद्घाटन अवसर पर महापौर संजय पांडेय, ब्रेवरेज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, डीएफओ उत्तम गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित देश विदेश, प्रदेश और संभाग के धावक शामिल हुए। बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मैराथन में अधिक से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई थीं। दौड़ के मार्ग पर जगह-जगह धावकों के लिए पेयजल, फल, एनर्जी ड्रिंक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वास्थ्य टीमों की तैनाती भी की गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।इसके साथ ही मैराथन के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नर्तक दलों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने धावकों और दर्शकों के उत्साह को दोगुना कर दिया। पारंपरिक नृत्य और लोक संस्कृति की झलक ने आयोजन को और भी खास बना दिया। इस सफल आयोजन ने न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।

जुंबा डांस का आयोजन
बस्तर हेरिटेज मैराथन के तहत में लालबाग मैदान पर मैराथन में शामिल होने पहुंचे धावकों को प्रोत्साहित करने के लिए जुंबा डांस का आयोजन किया गया। इस जुंबा डांस में बड़ी संख्या में धावकों के साथ मांझी- चालकी, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, आईपीएस सुमीत कुमार, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

जानें कुसुम के बारे में
बस्तर हेरिटेज मेराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुसुम शार्दुल के पिता बुदरू शार्दुल और माता श्रीमती शार्दुल हैं। कुसुम
ने शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल रोतमा में 12वीं तक पढ़ाई की है। वह बस्तर ओलोपिंक जैसी क‌ई प्रतियोगिताओं में मेडल अपने नाम कर चुकी है कुसुम कबड्डी और वालीबाल की भी अच्छी खिलाड़ी भी है। अब वह एथेलिटक में ही अपना ध्यान केंद्रित कर जगदलपुर में इसकी तैयारी कर रही है। कुसुम के पिता बुधरू ने बताया कि कुसुम जगदलपुर में रह कर एथलेटिक्स की तैयारी कर रही है। कुसुम को बचपन से ही एथेलेटिक्स के प्रति विशेष रूचि है। कुसुम को इस उपलब्धि पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और महापौर संजय पाण्डेय ने बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *