उल्लास कार्यक्रम के तहत साक्षरता परीक्षा का आयोजन



बकावंड छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत आज 22 मार्च को विकासखंड बकावंड में संपूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु चिन्हित ग्रामों में साक्षरता परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ग्रामों के चिन्हित निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाकर परीक्षा में सम्मिलित कराया गया। परीक्षा में गांव के बड़े बुजुर्गों के साथ-साथ माताएं एवं बहनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई परीक्षा केंद्रों में माताएं अपने छोटे बच्चों के साथ परीक्षा देने पहुंचीं, जो शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह का प्रतीक है।
विकासखंड बकावंड अंतर्गत कुल 3852 परीक्षार्थी इस साक्षरता परीक्षा में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं निरीक्षण हेतु जनपद अध्यक्ष सोनवारी भद्रे जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सोनसिंह बघेल, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी देशनाथ पांडे, तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक पवन समरथ, तुलेश पांडे एवं अनत देवांगन द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। करितगांव केंद्र में माताएं अपने दूधमुहे बच्चों के साथ परीक्षा देने पहुंची जो की इस कार्यक्रम के महत्व एवं सफलता की अपने आप में एक मिसाल है। उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में साक्षरता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है तथा लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। यह पहल संपूर्ण साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *