सड़क पर उतर आईं कोंटा आवासीय विद्यालय की छात्राएं
जगदलपुर। बस्तर संभाग के आश्रम, छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में जहां अव्यवस्था की खबरें आती ही रहती हैं, वहीं अपनी अधीक्षिका की वापसी के लिए आवासीय विद्यालय की छात्राएं सड़क पर उतर आईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझा कर वापस भेजा।
छात्राओं के सड़क पर उतर आने का मामला बस्तर संभाग के सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड से सामने आया है। कोंटा के के आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने अधीक्षिका की वापसी की मांग को लेकर छात्राएं सड़क पर रैली प्रदर्शन करती नजर आईं।हमारी अधीक्षिका को वापस करो के नारे लगाते हुए छात्राएं तख्तियां लेकर कोंटा नगर की सड़कों पर उतर आईं और विरोध जताया।स्थिति को देखकर प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसडीएम सुभाष शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। काफी देर तक समझाने के बाद छात्राओं का गुस्सा शांत हुआ, जिसके बाद उन्हें वापस आश्रम भेज दिया गया। बताया जाता है कि आवासीय विद्यालय आश्रम की अधीक्षिका को किसी कारणवश निलंबित कर दिया गया है। छात्राएं अपनी अधीक्षिका के कामकाज और व्यवहार से काफी खुश हैं, मगर उनके निलंबन ने छात्राओं को दुखी कर दिया है। पूर्व में भी अधीक्षिका को बहाल कर उसी आश्रम में नियुक्त करने की मांग को लेकर ये छात्राएं सुकमा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर चुकी हैं।
