अफवाहों ने बढ़ा दी लोगों की धड़कन!



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। ईरान- इजराइल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध ने जगदलपुर तक कोहराम मचा दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल की शॉर्टेज संबंधी अफवाहों ने बस्तर के भी लोगों को बेचैन कर रखा है। घबराहट का आलम यह है कि लोग सारा कामकाज छोड़कर रिफिल सिलेंडर्स के लिए अल सुबह से गैस एजेंसियों और गोदामों में लाइन लगा रहे हैं। परीक्षाओं के दौर में पैरेंट्स अपने बच्चों की तैयारी कराना छोड़ सिलेंडर के लिए खुद इम्तिहान देते नजर आ रहे हैं।
ईरान-इजराइल युद्ध का असर बस्तर तक में देखने को मिल रहा है। युद्ध के बावजूद ईरान से पेट्रोलियम पदार्थों की भारत में आवक जरूर हो रही है, मगर वह मांग और खपत की बनिस्बत कम है। ऊपर से सोशल मीडिया पर चल रही रसोई गैस, डीजल, पेट्रोल की किल्लत से जुड़ी अफवाहों ने आग में घी का काम कर दिया है। लोगों में घबराहट और बेचैनी बढ़ गई है। पेट्रोल पंपों के साथ ही गैस एजेंसियों और उनके गोदामों में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग अपना सब काम छोड़ कर सुबह से ही गैस एजेंसी के दफ्तर और गोदाम पर डेरा डाल रहे हैं। परीक्षाएं चल रही हैं और पैरेंट्स अपने बच्चों की तैयारी कराना छोड़ एक सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों में इम्तिहान देते नजर आ रहे हैं। नंबर लगाने और बारी आने के बावजूद गैस एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं को रिफिल सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। जबकि एक गैस गोदाम में रिफिल सिलेंडर लेकर तीन ट्रक पहुंचे थे। वहीं सरकारें और प्रशासन बार बार दावा कर रहे हैं कि रसोई गैस और पेट्रोल, डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को आखिर क्यों हलाकान होना पड़ रहा है, यह जांच का विषय है। सरकार कहती है कि सभी को समय पर गैस मिलेगी, जमाखोरों और कालाबाजारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के लिए टोलफ्री नंबर भी जारी किए गए हैं।

आपदा में ढूंढ लिया अवसर
सरकार लाख दावा कर रही हो, मगर गैस एजेंसी संचालकों ने खाद्य विभाग के अधिकारी के साथ मिल कर आपदा में भी अवसर ढूंढ लिया है। ये लोग उपभोक्ताओं को मुगालते में रखकर अपना स्वार्थ सिद्ध कर रहे हैं। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है। होटल, रेस्टोरेंट संचालकों और कई जरूरतमंद आम उपभोक्ताओं को ऊंची कीमत पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। जगदलपुर के धरमपुरा स्थित एचपी गैस गोदाम में सुबह चार बजे से स्त्री पुरुष अपना सब काम छोड़ गैस लेने डेरा डाले नजर आए कई महिलाओं के बच्चे परीक्षा दे रहे हैं। वे अपने बच्चों को परीक्षा की तैयारी कराना छोड़ गैस के लिए लाइन में खड़ी हैं। उधर विपक्षी दलों को भी मौका मिल गया है। विपक्ष के नेता हाय तौबा मचाते हुए सरकार को घेर रहे हैं और पैनिक क्रिएट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *