“आई लव यू जिंदगी-नारी संगम 3 जुलाई को
रायपुर। जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल द्वारा महिलाओं के नेतृत्व, व्यक्तित्व, संतुलन एवं जीवन में सकारात्मकता को समर्पित भव्य आयोजन “नारी संगम- सीजन 3” का आयोजन 3 जुलाई शुक्रवार शाम 4 बजे, पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज रायपुर में किया जा रहा है।
इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कार्यक्रम हेतु आमंत्रित किया गया है। इंटरनेशनल ट्रेनर राजेश अग्रवाल सहित संस्था की अध्यक्ष जेसी डॉ. धृति वैभव शर्मा, फाउंडर प्रेसीडेंट लीना वाढेर, पास्ट प्रेसीडेंट आस्था बाफना, प्रोग्राम डायरेक्टर दीया मूलचंदानी एवं सचिव प्रीति अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्हें नारी संगम कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने आयोजन के उद्देश्य की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा कार्यक्रम में शामिल होने हेतु अपनी सकारात्मक स्वीकृति दी। उनकी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी एवं विशेष बनाएगी। नारी संगम का यह तीसरा आयोजन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं को एक मंच पर लाकर नेतृत्व, संतुलन, आत्मविश्वास एवं नई संभावनाओं से जोड़ने का एक प्रयास है। इस वर्ष का विषय “लव यू ज़िंदगी – नेतृत्व की उड़ान, संतुलन की पहचान, खुशियों भरी मुस्कान” रखा गया है।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण इंटरनेशनल प्राइम ट्रेनर पीपीपी जेएफआर, जेसीआई सीनेटर राजेश अग्रवाल जी का प्रेरक एवं ऊर्जावान प्रशिक्षण सत्र रहेगा, जो प्रतिभागियों को जीवन, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के नए आयामों से जोड़ेगा। कार्यक्रम में लगभग 300 संस्थाओं से 3 हजार महिलाओं की सहभागिता संभावित है। उपस्थित महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विभिन्न संस्थाओं का सम्मान एवं आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। चैप्टर कन्वेनर रूपाली दुबे, चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर जेसीआई सीनेटर जया अरोड़ा एवं सभी सीनियर्स के नेतृत्व में सदस्य आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
