दुर्गम वनांचल में ‘ग्रामोदय’ की अनूठी पहल: खेल-खेल में मिला पर्यावरण का पाठ, बच्चों में बढ़ी शिक्षा की ललक


कवर्धा,,, जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम वनांचल ग्राम पंचायत दुर्जनपुर के प्राथमिक विद्यालय, इन्द्रीपानी में 16 जुलाई 2026 को ‘ग्रामोदय ग्राम विकास समिति’ द्वारा प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुदूर क्षेत्र के बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना और उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत करना रहा।

प्रकृति के करीब, रोचक शिक्षण पद्धति

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेल-खेल में पर्यावरण का महत्व समझाया गया। टीम के सदस्यों ने बच्चों को पेड़-पौधों, दुर्लभ वनस्पति, जीव-जंतुओं और स्थानीय पशु-पक्षियों के संरक्षण की उपयोगिता को रोचक उदाहरणों के माध्यम से बताया। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

भक्ति और उत्साह का संगम

विद्यालय परिसर उस समय आध्यात्मिक आभा से भर गया, जब नन्हे-मुन्नों के कंठ से वेदमाता गायत्री मंत्र और माँ सरस्वती की वंदना गूँज उठी। वनांचल की शांत वादियों में बच्चों का यह उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के अंत में, बच्चों के लिए विशेष भोज (खीर-पूरी) का आयोजन किया गया, जिसने उन्हें विद्यालय के प्रति और अधिक आकर्षित किया।

सक्रिय भागीदारी

इस पुनीत कार्य को मूर्त रूप देने में ग्रामोदय ग्राम विकास समिति की जिला समन्वयक श्रीमती आरती यादव, सामुदायिक समन्वयक बसंती यादव तथा एमएसडब्ल्यू की छात्राएं खुशी साहू और भूमिका चंद्रवंशी ने सराहनीय भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड समन्वयक कोमल सिंह धारवैया तथा विद्यालय के प्रधानपाठक और शिक्षकगणों का मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *