सावन के प्रथम सोमवार पर सेवा, सुरक्षा और समर्पण का अद्भुत संगम, कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में भी अग्रणी रही कबीरधाम पुलिस

कवर्धा,,,सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के थाना भोरमदेव क्षेत्र अंतर्गत स्थित भगवान भोलेनाथ बाबा भोरमदेव धाम में छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों एवं प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री, पदयात्री एवं श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा मार्ग में अनेक स्थानों पर पंडाल एवं सेवा शिविर स्थापित किए गए, जहां दर्शनार्थियों एवं राहगीरों के लिए स्वल्पाहार, पेयजल एवं विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई थी।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में जिला पुलिस कबीरधाम, थाना भोरमदेव एवं चौकी पौड़ी द्वारा थाना भोरमदेव के सामने विशेष सेवा शिविर का संचालन किया गया। सेवा शिविर में कांवड़ यात्रियों, पदयात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार एवं पेयजल वितरण की व्यवस्था की गई।

उल्लेखनीय है कि पुलिस विभाग ने एक ओर जहां संपूर्ण मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सहायता जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, वहीं दूसरी ओर जनसेवा एवं सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए सेवा शिविर में भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव स्वयं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सेवा शिविर में उपस्थित रहे तथा कांवड़ यात्रियों, पदयात्रियों एवं दर्शनार्थियों को स्वल्पाहार वितरित किया। इस दौरान पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सेवा में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटे रहे।

सावन के इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव धाम तक पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा जिले की सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था की निरंतर मजबूती के लिए प्रार्थना की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा कबीरधाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा संपन्न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *