CGPSC में गड़बड़ी का आरोप, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार :- नवीन जायसवाल

कवर्धा,,,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने पत्रकारवार्ता लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य की PSC परीक्षा में कथित मूल्यांकन संबंधी गड़बड़ियों और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य सेवा परीक्षा 2025 में 265 पदों के लिए मुख्य परीक्षा के बाद नियमानुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए था, लेकिन केवल 608 अभ्यर्थी ही साक्षात्कार के लिए चयनित हुए। उन्होंने आयोग से मांग की कि 187 अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंक नहीं मिलने का आधार सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने 2024 की मुख्य परीक्षा की कुछ उत्तर-पुस्तिकाओं के उदाहरण देते हुए कहा कि समान अथवा सही उत्तरों के लिए अलग-अलग अंक दिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। जायसवाल ने कहा कि इससे अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

उन्होंने मांग की कि साक्षात्कार प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित किया जाए, सभी अभ्यर्थियों की उत्तर-पुस्तिकाएं साक्षात्कार से पहले उपलब्ध कराई जाएं, उत्तर-पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन हो और 1:3 के नियम का पालन किया जाए। साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए मॉडल उत्तर जारी करने और मूल्यांकनकर्ताओं के लिए स्पष्ट मानदंड तय करने की मांग की।

नवीन जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के सेवा एवं समर्पण कार्यक्रमों को लेकर कहा कि कांग्रेस इसे बेरोजगारी, महंगाई, वादाखिलाफी और किसान धोखा दिवस के रूप में सवालों के साथ उठा रही है।

उन्होंने रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, काले धन, नोटबंदी और जीएसटी सहित केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को बड़े आयोजनों के बजाय सरकार के चुनावी वादों और उनके क्रियान्वयन का आंकड़ों सहित हिसाब मिलना चाहिए।

नवीन जायसवाल ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 1 लाख सरकारी नौकरी, ₹500 में गैस सिलेंडर, अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, किसानों से किए गए वादे, बेरोजगारी भत्ता, विद्यार्थियों के परिवहन पास और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ जैसे वादों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करती रहेगी।

शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि देश का युवा रोजगार मांग रहा है और महंगाई से परेशान परिवार राहत की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसे समय में सरकार को जश्न से ज्यादा जनता के सवालों पर जवाब देना चाहिए। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर युवाओं को रोजगार और आम जनता को महंगाई से राहत देने का ठोस रोडमैप सामने रखना चाहिए।

शहर अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा के वादों पर भरोसा किया था। अब जनता जानना चाहती है कि कितने वादे पूरे हुए और कितने लंबित हैं। जन्मदिन पर फूल माला और प्रचार नहीं, मोदी की गारंटी का हिसाब चाहिए। सरकार को हर बड़े वादे की स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

आज के कार्यक्रम में शामिल रूप से महामंत्री गोपाल चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष भीष्म पांडे, युवा नेता प्रशांत परिहार, आकाश केशरवानी, मेहुल सत्यवंशी, शिवेंद्र वर्मा, चेतन वर्मा, आशीष साहू, तुषार वर्मा, राजा सहित बड़ी संख्या कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *