मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेसियों और भाजपाइयों में जूतम- पैजार
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा आयोजित माओवादमुक्त बस्तर के लिए धन्यवाद कार्यक्रम की तैयारियों के बीच जगदलपुर में बीती शाम उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के सामने ही भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर जूतम पैजार की घटना हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे चलाए।
दरअसल सेवा संकल्प अभियान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने प्रस्तावित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारियां देखने पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को कांग्रेस नेताओं ने मिताली चौक के सामने घेर लिया। मंदिर मार्ग पर आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी का हवाला देकर सवाल-जवाब के बाद कांग्रेस ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच विजय शर्मा कार्यक्रम स्थल का जब पैदल भ्रमण कर उसी मार्ग से होते हुए अपने काफिले तक पहुंचे तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ता भी सामने आ गए। इससे दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक जमकर नारेबाजी व धक्का-मुक्की होती रही। दोनों समूहों के लोगों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए।बता दें कि भाजपा पिछले दो दिनों से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने सड़क पर दीप प्रज्ज्वलित करने की व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसी तैयारी को देखने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा दोपहर के समय पहुंचे थे। आम लोगों को परेशानी न हो, इसे देखते हुए वे न्यूनतम प्रोटोकाल के साथ आए थे। श्री शर्मा मौके के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मिताली चौक के सामने कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, अतिरिक्त शुक्ला, जाहिद खान सहित अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री को घेर लिया। कांग्रेस ने मंदिर का रास्ता रोककर कार्यक्रम किए जाने को लेकर उनसे सवाल किए और फिर नारेबाजी शुरू कर दी।विजय शर्मा ने इस प्रदर्शन के बीच कार्यक्रम की तैयारियां देखीं और मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। लौटते समय पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन को देखते हुए काफिले को दूसरे मार्ग से निकालने का सुझाव दिया, ताकि दोबारा आमना-सामना न हो।मगर विजय शर्मा ने मार्ग बदलने से मना कर दिया। उन्होंने अधिकारियों से आम लोगों और श्रद्धालुओं का आवागमन बाधित नहीं होने देने तथा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दबाव में रास्ता बदलकर नहीं जाएंगे और जिस रास्ते से आए हैं, उसी रास्ते से वापस जाएंगे। इसके बाद वे पैदल ही मिताली चौक तक पहुंचे तो प्रदर्शन कर थे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी। जवाब में भाजपा कार्यकर्ता भी नारे लगाने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कांग्रेसियों और भाजपाइयों ने एक-दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए।
पुलिस हुई परेशान
करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की चलती रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को दोनों पक्षों के बीच खड़ा होना पड़ा। भीड़ बढ़ने से कुछ समय के लिए सड़क पर तनाव की स्थिति बनी रही। भाजपा की ओर से महापौर संजय पांडेय, अविनाश श्रीवास्तव सहित अन्य नेताओं ने मोर्चा संभाल रखा था। पुलिस और प्रशासन की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया और स्थिति नियंत्रित हुई। तमाम अड़चनों के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार रात मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने भाजपा का दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम हुआ। भाजपा ने इसे माओवादमुक्त बस्तर के लिए धन्यवाद कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया। पिछले दो दिनों से इसकी तैयारियां चल रही थीं। वहीं कार्यक्रम से पहले हुए राजनीतिक टकराव ने आयोजन को लेकर शहर का माहौल गरमा दिया।
