विधायक साहू ने किया सड़क का भूमिपूजन
अभनपुर। लोक निर्माण विभाग उपसंभाग अभनपुर द्वारा अभनपुर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीकृत महत्वपूर्ण सड़क परियोजना अभनपुर-परसुलीडीह-तरीघाट राज्य मार्ग से अभनपुर, कोलर, टेकारी मुख्य जिला मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग लंबाई 1.575 किमी का भूमिपूजन क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक इंद्र कुमार साहू द्वारा किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि इस सड़क के बन जाने से अभनपुर क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त मिलेगी। परियोजना के तकनीकी विवरण के अनुसार इस कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति राशि रू. 330.63 लाख रुपए है। अनुबंध की अवधि 3 माह निर्धारित की गई है। सड़क निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए बताया गया कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर डिवाइडर होने के कारण अभनपुर, परसुलीडीह, तरीघाट राज्य मार्ग जाने वाले राहगीरों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और कम दूरी तय करने के चक्कर में गलत दिशा में आवागमन होने से आए दिन दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। इस नई सड़क के निर्माण से न केवल यह दूरी कम होगी और यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि अत्यधिक आवाजाही से बचाव होगा और अन्य संपर्क सड़कों पर यातायात का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा। भूमिपूजन के पश्चात विधायक श्री साहू ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और संबंधितों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित 3 महीने की समयावधि के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ इस निर्माण कार्य को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता से पूरा किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को अविलंब इस सौगात का लाभ मिल सके।
