पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने किया बीजापुर जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण
बीजापुर – पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर बद्रीनारायण मीणा ने को बीजापुर जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विभिन्न शाखाओं, पुलिस परेड, वाहन शाखा एवं डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया तथा पुलिस दरबार में जवानों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान राजपत्रित अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों की बैठक लेकर स्वीकृत, उपलब्ध एवं रिक्त पदों, पंजीबद्ध एवं लंबित अपराधों तथा मर्ग प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही CCTNS डैशबोर्ड, डाटा एंट्री, CEIR एवं MRM पोर्टल की प्रगति की समीक्षा कर आम नागरिकों से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने को कहा। माओवाद के खात्मे के बाद क्षेत्र में डिमाइनिंग (IED निष्क्रियकरण) एवं माओवादियों के छिपाए गए डम्प की रिकवरी पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों और सुरक्षा बलों की सुरक्षा के लिए योजनाबद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए।इस दौरान पुनर्वास केंद्र पहुंचकर पुनर्वासित माओवादियों से मुलाकात की और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर शांतिपूर्ण जीवन जीने, शासन की पुनर्वास नीति एवं कौशल विकास योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।द्वितीय दिवस पुलिस महानिरीक्षक ने परेड की सलामी लेकर जवानों की वेशभूषा, वाहनों एवं डॉग स्क्वाड का निरीक्षण किया। पुलिस दरबार में जवानों की समस्याएं एवं प्रतिवेदन सुनकर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।अंत में उन्होंने जिला पुलिस बीजापुर के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता से बेहतर समन्वय बनाकर क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए।
