छग शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने उठाए शिक्षक हित से जुड़े बड़े मुद्दे
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने शिक्षक संवर्ग की समस्याओं के निराकरण व मांगों की पूर्ति के लिए बड़ी कवायद की है। मोर्चा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव और अनेक शीर्ष अधिकारियों से पत्राचार किया है। मोर्चा के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए किरण सिंह देव ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर शिक्षकों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक डॉ. लुदर्शन कश्यप और शेलेंद्र द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहागया है कि 17 अगस्त 2012 तक छतीसगढ़ में सहायक शिक्षक एवं शिक्षक संवर्ग के पद पर नियुक्ति हेतु टेट अनिवार्य योग्यता नहीं थी। अतः इसके पूर्व नियुक्त सहायक शिक्षक एवं शिक्षकों को टेट की बाध्यता से मुक्त करते हुए छत्तीसगढ़ विधान सभा में प्रस्ताव पारित कर सेवा सुरक्षित की जाए। शिक्षक एलबी संवर्ग को पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना कर पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू समस्त लाभ प्रदान किया जाए। समस्त शिक्षक संवर्ग की लंबित वेतन विसंगति को दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान संरचना के आधार पर वेतन निर्धारण किया जाए। विसंगतियुक्त छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती एवं पदोन्नति नियम राजपत्र 13 फरवरी 2026 में एल बी संवर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन किया जाए। ब्रिज कोर्स से बीएड शिक्षक संवर्ग को शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षित कराया जाए।
