ग्राम भाटागुड़ा में धूमधाम से मना ‘अंगना मिलन’ समारोह
जगदलपुर। सेवा संकल्प अभियान तथा राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गरावांड कला के आश्रित ग्राम भाटागुड़ा में बुधवार को ‘अंगना मिलन’ व विशेष पोषण जागरूकता समारोह पूरे उल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण और जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस साझा उत्सव में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम परिसर में स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली हरी साग-सब्जियों, मौसमी फलों और पारंपरिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी सजाई गई, जिसने उपस्थित जनसमुदाय को विविध एवं संतुलित आहार के महत्व से रूबरू कराया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने पोषण में विविधता और स्थानीय खान-पान के लाभों पर प्रकाश डालते हुए महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनके अनुभव जाने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह को जीवंत और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए कई मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का ताना-बाना बुना गया। जहां महिलाओं ने मटका फोड़ और कुर्सी दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों में अपनी ऊर्जा व हुनर का प्रदर्शन किया, वहीं किशोरी बालिकाओं ने रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं में अपनी अप्रतिम रचनात्मक कला बिखेरी। इसके साथ ही नन्हे बच्चों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र बनी, जिसने समुदाय को बाल स्वास्थ्य और नियमित देखभाल के प्रति संवेदनशील बनाने का कार्य किया।
जनसमुदाय को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज सिन्हा ने कुपोषण उन्मूलन के लिए स्वच्छता, संतुलित खान-पान और विभागीय योजनाओं की सक्रिय सहभागिता पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, अपने सेवानिवृत्ति के दिन उपस्थित परियोजना अधिकारी संध्या ज्योति बाला, कार्यक्रम आयोजक सुपरवाइजर निहारिका गौतम, सुपरवाइजर रेखा नाग, अनीता सिंह, ज्योत्सना सहित ग्रामीण क्षेत्र की सुपरवाइजर्स, स्थानीय पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाएं देने वाली कर्मठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
