बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अतिरिक्त राहत सामग्री की मांग

बस्तर। लगातार बारिश के चलते बस्तर क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोदरा एवं भैंसगांव में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित परिवारों के लिए अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग उठी है। जनपद पंचायत बस्तर क्षेत्र क्रमांक 19 के सदस्य चैतराम कश्यप ने इस संबंध में तहसीलदार बस्तर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों की खाद्य जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त चावल उपलब्ध कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2026 में हुई अत्यधिक बारिश के कारण दोनों ग्राम पंचायतों में बाढ़ की स्थिति बनी है। बाढ़ के चलते कई परिवार प्रभावित हुए हैं और उन्हें अपने घरों से विस्थापित होकर सुरक्षित स्थानों पर रहना पड़ा है। ऐसी स्थिति में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री की निरंतर व्यवस्था जरूरी है।

जनपद सदस्य के अनुसार ग्राम पंचायत बोदरा में करीब 35 परिवार, जबकि भैंसगांव में करीब 200 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। वर्तमान में राहत व्यवस्था के तहत लगभग 20 क्विंटल चावल की व्यवस्था की गई है, लेकिन प्रभावित परिवारों की संख्या को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है। नियमित रूप से प्राप्त होने वाले राशन के अतिरिक्त राहत एवं भोजन व्यवस्था जारी रखने के लिए और खाद्यान्न की आवश्यकता बताई गई है।

चैतराम कश्यप ने तहसीलदार से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर अतिरिक्त 50 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर भोजन एवं राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान बोदरा भैसगांव के बाढ़ प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *