बाल विवाह एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित


जगदलपुर। बस्तर सामाजिक जन विकास समिति द्वारा संचालित चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की संयुक्त टीम के तत्वावधान में ग्राम पंचायत पोड़ागुड़ा एवं बिलौरी में पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। दो दिवसीय यह कार्यक्रम 29 एवं 30 सितंबर 2026 को संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सुशील कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं फील्ड ऑफिसर डॉ. नारायण दास पंथ के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों एवं समुदाय को बाल यौन शोषण से संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम तथा बढ़ते साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण इकाई के लीगल प्रोबेशन ऑफिसर संतोष वैद्य ने बाल विवाह एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों, बाल विवाह की पहचान एवं रोकथाम तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
वहीं डॉ. नारायण दास पंथ ने पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम, बच्चों की सुरक्षा तथा शिकायत एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशा मुक्ति एवं नशे के दुष्प्रभावों पर भी जागरूक करते हुए बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में ग्राम पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, युवा, अभिभावक तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों ने बाल संरक्षण, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं और प्रश्नों पर विशेषज्ञों से चर्चा की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोग्राम के इतेश राजीव, तनुजा सलाम, सुचित्रा पॉल, गुड़िया मौर्य, जमली कर्मा, सरिता बघेल, खुशबू बघेल एवं ज्योत्सना प्रधान तथा रिमोहन रॉय एवं आयुष कुमार का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *