शहीद महेंद्र कर्मा विवि ने बाढ़ प्रभावित गांवों में बांटी राहत सामग्री
जगदलपुर। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी भैंसगांव और कुरुषपाल के कई परिवारों के सामने भोजन, पानी और अन्य जरूरतों का संकट बना हुआ है। ऐसे में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थी और शिक्षक प्रभावित गांवों में पहुंचे, जहां उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
टीम ने ग्रामीणों को चावल, दाल, मसाले, सोयाबड़ी, चना, पेयजल, चटाई और कपड़े उपलब्ध कराए। इस पहल का उद्देश्य आपदा से प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों में सहयोग करना रहा। राहत अभियान कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में समाज कार्य विभागाध्यक्ष डा. तुलिका शर्मा के नेतृत्व में हुआ। सहायक प्राध्यापक डा. डिगेश्वर साहू और डॉ. अनुष्का आतरम ने सहयोग किया।कुलपति ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय समाज के प्रति सेवा भाव रखना ही सच्ची शिक्षा है। उन्होंने आमजन से भी आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
