सूरज ने धरती का वंदन किया भी नहीं था और “कुलदीपक” की रौशनी से नहा उठी बस्तर की धरा
–अर्जुन झा-
जगदलपुर। सूरज ने धरती का वंदन भी नहीं किया था और बस्तर की धरती अपने “कुलदीपक” की रौशनी से आलोकित हो उठी। भोर होने से पहले ही बस्तर का यह कुलदीपक अपनों का दर्द साझा करने निकल पड़ा।हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और बस्तर के माटी पुत्र दीपक बैज की। दीपक बैज की संवेदनशीलता और पीड़ितों का दर्द साझा करने की प्रवृत्ति का एक बेहतरीन उदाहरण जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आज भोर होने से पहले देखने को मिला।बाढ़ प्रभावितों के लिए भोजन के पैकेट्स तैयार करते नजर आए दीपक बैज।
बस्तर में बाढ़ और मूसलाधार बारिश ने जो कहर ढाया है, उसकी टीसें अब भी महसूस की जा रही हैं। पचासों लोग बेघरबार हो गए हैं। घर ढह गए हैं, घरों में रखा अनाज, कपड़े सबकुछ तबाह हो चुके हैं। लोगों के सामने रिहायश और भोजन का संकट खड़ा हो गया है। नगर निगम प्रशासन, महापौर संजय पांडे, जिला प्रशासन, कलेक्टर आकाश छिकारा, सामाजिक संगठन और समाजसेवी संस्थाओं के लोग आपदा पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहे हैं। सर्व आदिवासी समाज, ईसाई समाज, जैन समाज, महेश्वरी समाज, व्यापारी संगठन आदि मदद के लिए आगे आए हैं। लोग राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पीड़ितों को नाश्ता, भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय, कपड़े आदि उपलब्ध करा रहे हैं। पीड़ितों की मदद करने में कांग्रेस पार्टी भी पीछे नहीं है। बस्तर के हालात को देखते स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज स्वयं इन दिनों बस्तर में डेरा डाले हुए हैं। बस्तर दीपक बैज की जन्मभूमि और कर्मभूमि है, लिहाजा वे पीड़ितों का दर्द साझा करने तन, मन, धन से जुटे हुए हैं। श्री बैज के नेतृत्व में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और अन्य कांग्रेसजन आपदा पीड़ितों की सेवा कर रहे हैं। पीड़ितों के लिए जगदलपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में भोजन तैयार किया जा रहा है। भोजन के पैकेट्स बनाकर पीड़ितों को वितरित किया जाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज 1 अक्टूबर गुरुवार को पौ फटने से पहले ही सुबह 4 बजे कांग्रेस भवन पहुंच गए। वहां वे भोजन के पैकेट्स तैयार करने में जुट गए। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य और कुछ अन्य नेता भी इस काम में हाथ बंटाते नजर आए। श्री बैज ने सुशील मौर्य से प्रभावित परिवारों तक समय पर भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जानकारी ली।
