नक्सल मुक्त बीजापुर में अब जुए का खेल?

बीजापुर
दिनांक- 20-10-2026
बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बीजापुर जिले के ग्राम तीमेड़ में कुछ लोगों द्वारा मिनी कैसिनो/जुआ घर खोलने की सूचना मिली है, जहां बड़े पैमाने पर जुआ खेलाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह सूचना सही है तो यह अत्यंत दुर्भाग्यजनक और चिंताजनक है।
मंडावी ने कहा, “बस्तर का बीजापुर पहले नक्सलवाद के दंश को झेल चुका है। अब जब क्षेत्र नक्सल मुक्त हो गया है, तब यहां जुए के कारोबार को बढ़ावा दिया जा रहा है। आखिर यह सब किसके इशारे और किसके संरक्षण में हो रहा है? इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं? इसका खुलासा किया जाना अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश का युवा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है। रोजगार के अभाव में युवा पड़ोसी राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। ऐसे में बीजापुर जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में जुआ घरों का निर्माण किया जाना और शासन-प्रशासन का इस पर मौन रहना गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार से सवाल करते हुए पूछा है कि आखिर इस निर्माण की अनुमति किसने दी?, इस निर्माण का ठेकदार कौन था?, कैसिनो/जुआ घर चलाने का लाइसेंस किस विभाग ने जारी किया?, क्या इसके लिए विधिवत मंजूरी ली गई है?, यदि अनुमति मिली है, तो किस नियम के तहत? और यदि अनुमति नहीं है, तो यह निर्माण किसके संरक्षण में हो रहा है?
विधायक विक्रम मंडावी ने सरकार से मांग की कि ग्राम तीमेड़ में हो रहे मिनी कैसिनो/जुआ घर को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए तथा इसमें लिप्त सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे आदिवासी क्षेत्र में जुए को बढ़ावा देना क्षेत्र के आदिवासी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *