लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत से सीसी सड़क का अधूरा निर्माण


किरंदुल। नगर के तालाब पारा वार्ड में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत के चलते सीसी सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इस कारण वहां के रहवासियों को रोजाना भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है, सीसी सड़क को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। बनी हुई सड़क और कच्चे रास्ते के बीच लगभग डेढ़ फीट का ऊंचा-नीचा लेवल है, जिससे दोपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क के किनारे बिखरी गिट्टी, कीचड़ और नाली का गंदा पानी स्थिति को और भयावह बना रहा है।

अधिकारियों की अनदेखी
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि यह सब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से हो रहा है। ठेकेदार द्वारा कई महीने पहले सड़क का आधा काम कर छोड़ दिया गया, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने न तो काम की गुणवत्ता की जांच की और न ही ठेकेदार पर कार्य पूरा करने का दबाव बनाया। रहवासियों का कहना है कि वार्ड में बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को इसी अधूरे और खतरनाक रास्ते से रोजाना गुजरना पड़ता है। बरसात में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब कीचड़ भरे रास्ते में चलना तक मुश्किल हो जाता है। किराना दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

जांच और कार्रवाई की मांग
तालाब पारा के लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत की जांच कर अधूरी पड़ी सीसी सड़क के निर्माण को तत्काल पूरा कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *